“क्रिकेट के सपनों में छल का साया, ईवीसीएल फर्जीवाड़े की परतें खुलीं”
दर्पण न्यूज 24/7 एक्सक्लूसिव
हल्द्वानी। एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (ईवीसीएल) के आयोजन के नाम पर हुए फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। अब इस प्रकरण में भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार सहित अन्य चर्चित खिलाड़ियों से संपर्क किया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें किस आधार पर लीग से जोड़ा गया और आयोजकों ने उनके नाम का इस्तेमाल किस हद तक प्रचार के लिए किया।
गौरतलब है कि गौलापार स्थित क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित इस लीग के आयोजन से दो दिन पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार हल्द्वानी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मैदान का निरीक्षण किया और आयोजकों से लीग से जुड़ी जानकारी ली थी। आयोजकों की ओर से दावा किया जा रहा था कि इरफान पठान और हरभजन सिंह जैसे बड़े नाम भी इस लीग से जुड़ेंगे। यहां तक कहा गया था कि इरफान पठान को अलग-अलग टीमों का कप्तान बनाया जाएगा। हालांकि, अब लीग के फर्जी साबित होने के बाद इन दावों की सच्चाई पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में आयोजक विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि विकास ढाका के पास दो बैंक खाते हैं, जिनमें से एक खाते में करीब 50 हजार रुपये और दूसरे खाते में लगभग एक लाख रुपये की रकम जमा बताई जा रही है। पुलिस अब इन दोनों खातों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह रकम कहां से आई, किन-किन खातों से ट्रांसफर हुई और क्या इन पैसों का संबंध फर्जी लीग के नाम पर वसूली गई रकम से है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि प्रवीण कुमार से भी इस पूरे मामले में जानकारी ली जाएगी। पुलिस यह जांच करेगी कि कहीं पूर्व क्रिकेटर स्वयं किसी ठगी का शिकार तो नहीं हुए और वह इस लीग से किन परिस्थितियों में जुड़े थे। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि आयोजकों ने खेल विभाग से मैदान के उपयोग की विधिवत अनुमति ली थी या नहीं, आयोजन से पहले आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गई थीं या नहीं और लीग के नाम पर कितनी राशि वसूली गई।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लीग में निवेश करने वाले टीम मालिकों से कितनी रकम ली गई थी, वह रकम किस मद में ली गई और क्या पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप थी या नहीं। इस पूरे मामले में कई अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
