काशीपुर में कल से शुरू होगा ऐतिहासिक चैती मेला, तैयारियां पूरी।
दर्पण न्यूज 24/7 काशीपुर। चैती मेला का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। काशीपुर में आयोजित यह मेला उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मेले को लेकर मां बाल सुंदरी देवी मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। मुख्य पुजारी विकास अग्निहोत्री ने बताया कि प्रथम नवरात्र से शुरू होने वाला यह मेला 31 मार्च तक चलेगा। 25 मार्च की अर्द्धरात्रि को मां बाल सुंदरी का डोला नगर मंदिर से चैती मंदिर पहुंचेगा, जहां प्रतिमा स्थापित रहेगी। इसके बाद 31 मार्च की अर्द्धरात्रि को डोला पुनः नगर मंदिर ले जाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में दो नए निःशुल्क यात्री निवास बनाए गए हैं, जहां ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा मुंडन संस्कार के लिए एक बड़ा हॉल तैयार किया जा रहा है, ताकि परिवारों को भीड़ से अलग व्यवस्थित स्थान मिल सके। दक्षिण द्वार के पास श्रद्धालुओं के लिए नया प्याऊ भी बनाया गया है।
मेले में झूले, सर्कस, खेल-तमाशे और सजी हुई दुकानें आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार विद्युत, साउंड, दुकानें, झूले, पार्किंग समेत विभिन्न व्यवस्थाओं के टेंडर करीब 4 करोड़ 70 लाख 40 हजार रुपये में हुए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला परिसर और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि दुकानों पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य किए गए हैं। कुछ मार्गों पर यातायात नियंत्रण भी लागू रहेगा।
मेला अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन कई चरणों में सफाई और पानी का छिड़काव कराया जाएगा।
चैती नवरात्र के इस मेले में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
