

चंडीघाट में बदली पहचान: माहिद से मोहित, सबीना बनीं खुशी… तीन बच्चों को भी मिले सनातनी नाम!
पीलीभीत के परिवार ने धार्मिक संस्कारों के साथ अपनाया सनातन धर्म, सहारनपुर के इब्राहिम को मिला ‘विराट पुंडीर’ नाम!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो
हरिद्वार। हरिद्वार के चंडीघाट में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम में पीलीभीत, उत्तर प्रदेश निवासी एक परिवार ने मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाया। परिवार के मुखिया माहिद अब मोहित, जबकि उनकी पत्नी सबीना बीबी को खुशी नाम दिया गया। उनके तीन बच्चों को भी नए नाम प्रदान किए गए। इसी कार्यक्रम में सहारनपुर निवासी इब्राहिम ने भी सनातन धर्म अपनाया, जिसके बाद उन्हें विराट पुंडीर नाम दिया गया।
तीर्थ सेवा न्यास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गंगा स्नान के बाद यज्ञ-हवन और नामकरण संस्कार कराया गया। संत राम विशाल दास महाराज समेत अन्य संत-महंतों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुए।
तीन बच्चों को भी मिले नए नाम!
धार्मिक संस्कार के बाद माहिद को मोहित और सबीना बीबी को खुशी नाम प्रदान किया गया। उनके दो पुत्रों के नाम रोशन और रोहन, जबकि पुत्री का नाम अनन्या रखा गया।
सहारनपुर निवासी इब्राहिम को भी यज्ञ-हवन और धार्मिक संस्कार के बाद विराट पुंडीर नाम दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर सनातन धर्म अपनाने वाले परिवार और व्यक्ति का स्वागत किया।
यज्ञ-हवन के बाद जारी किए प्रमाण-पत्र!
आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और मुकेश शास्त्री ने यज्ञ-हवन एवं नामकरण संस्कार संपन्न कराया। तीर्थ सेवा न्यास की ओर से सनातन धर्म अपनाने वाले सभी लोगों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में संत राम विशाल दास महाराज ने कहा कि सनातन केवल एक पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि सत्य, संस्कार, कर्तव्य, सेवा और सदाचार से जुड़ी जीवन-दृष्टि है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी आस्था के संबंध में निर्णय लेता है तो समाज को उसके साथ सम्मान और सहयोग का व्यवहार रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्कारों और सेवा के माध्यम से समाज में धर्म एवं मानवीय मूल्यों की चेतना को मजबूत करना न्यास का उद्देश्य है। कार्यक्रम का समापन संतों के आशीर्वाद और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हुआ।
