नैनीताल में मानसून का असर: 24 घंटे में 18.6 मिमी औसत वर्षा, तीन ग्रामीण सड़कें बंद!
दो लोगों की मौत, तीन घायल; 1,145 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, 3,799 लोगों के लिए राहत शिविर तैयार!
दर्पण न्यूज 24/7 नैनीताल । जनपद नैनीताल में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की शुक्रवार सुबह 4 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 18.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि एक जून से अब तक 300.12 मिमी संचयी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
सबसे अधिक 43 मिमी बारिश कालाढूंगी में दर्ज की गई। इसके अलावा नैनीताल में 24 मिमी, धारी (ओखलकांडा) में 22 मिमी, कोटाबाग में 14.7 मिमी, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 13 मिमी, बेलपड़ाव में 13.75 मिमी, रामनगर में 9.6 मिमी तथा श्री केदारधाम क्षेत्र में 5 मिमी वर्षा हुई।
लगातार बारिश के कारण जिले में डोलीगांव–जड़ीगांव मोटर मार्ग, नौलिया–डूंगरी मोटर मार्ग और नौकुचियाताल–पंगोट संपर्क मार्ग सहित तीन ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्ग खोलने का कार्य किया जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक दो लोगों की मृत्यु और तीन लोग घायल हुए हैं। वहीं 1,145 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा 3,799 लोगों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है।
गौला बैराज में 10 हजार से 60 हजार क्यूसेक, कोसी बैराज में 10 हजार से 76,900 क्यूसेक तथा नंधौर नदी में 10 हजार से 35,075 क्यूसेक तक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में विद्युत, पेयजल और संचार सेवाएं सामान्य हैं। बंद ग्रामीण सड़कों को शीघ्र खोलने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
