खबरें शेयर करें -

 

यूओयू की 46वीं कार्य परिषद की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर, नए अध्ययन केंद्रों से लेकर शैक्षणिक सुधारों को मिली हरी झंडी!

 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप अकादमिक सुधारों, नियुक्तियों और संस्थागत विकास के प्रस्तावों को मिली स्वीकृति!

दर्पण न्यूज 24×7 ब्यूरो | प्रमोद बमेटा

हल्द्वानी।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) की 46वीं कार्य परिषद की बैठक मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, शैक्षणिक विस्तार और संस्थागत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत 45वीं कार्य परिषद की कार्यवाही की पुष्टि और उस पर की गई कार्रवाई के अनुमोदन से हुई। इसके बाद विज्ञापित शैक्षणिक पदों की चयन प्रक्रिया, नए अध्ययन एवं विशेष अध्ययन केंद्रों की स्थापना, व्यक्तिगत छात्रवृत्ति (इंडिविजुअल स्पॉन्सरशिप) योजना के संचालन, विभिन्न विषयों में अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति, सामुदायिक रेडियो अनुभाग के लिए कार्मिक चयन, पुनर्नियोजन संबंधी मामलों तथा केंद्रीय मूल्यांकन कार्य हेतु मानदेय निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों को कार्य परिषद ने अपनी मंजूरी दी।

बैठक में विश्वविद्यालय की 35वीं एवं 36वीं विद्या परिषद द्वारा पारित शैक्षणिक प्रस्तावों पर भी अंतिम मुहर लगाई गई। इनमें नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत, पाठ्यक्रमों एवं विनियमों में संशोधन, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को मजबूत बनाने, परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली में सुधार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप व्यापक शैक्षणिक सुधार शामिल रहे।

कार्य परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि इन निर्णयों से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और संस्थागत विकास को नई दिशा मिलेगी।

बैठक में कार्य परिषद के नामित बाह्य सदस्य एवं हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश चंद्र बिंजोला ऑफलाइन उपस्थित रहे। वहीं कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बी.एस. राजपूत, पंजाब विश्वविद्यालय की प्रो. योजना रावत, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की प्रो. शची शाह तथा उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव मनोज गोयल ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस.पी. सिंह, परीक्षा नियंत्रक सोमेश कुमार, प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. नीरजा सिंह सहित कार्य परिषद के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड