आईटीबीपी परिसर में ‘आंचल मिल्क पार्लर कैफे’ का शुभारंभ!
दर्पण न्यूज 24 /7 लालकुआं (नैनीताल)
34वीं बटालियन आईटीबीपी परिसर में सोमवार को ‘आंचल मिल्क पार्लर कैफे’ का भव्य शुभारंभ हुआ। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में स्थापित इस कैफे का उद्घाटन कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट एवं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और अतिथियों ने आंचल दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी परिसर में कैफे खुलने से जवानों और अधिकारियों को शुद्ध व गुणवत्तायुक्त दुग्ध उत्पाद सुलभ होंगे, साथ ही स्थानीय दुग्ध संघ को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि ‘आंचल’ ब्रांड प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों की मेहनत और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे प्रयास न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने इस पहल को स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने वाला सराहनीय कदम बताया।
इस दौरान डिप्टी कमांडेंट फतेह सिंह, उप सेनानी संजय तिवारी, सूबेदार मेजर रश्मि रंजन नायक, एसएमओ चंद्रशेखर, सहायक सैनानी इंजीनियर दीपक सहरावत, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, डिपो प्रभारी हेमंत पाल, विपिन तिवारी, पूरन मिश्रा, सुदर्शन मेहरा, पारस कुलौरा, मोहन पांडे एवं बाला दत्त डब्बडाल सहित अनेक जवान मौजूद रहे।
