खबरें शेयर करें -

गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग वाली कांवड़ यात्रा पर फायरिंग, कांवड़िया घायल; एम्स ऋषिकेश रेफर!

दर्पण न्यूज 24/7 | हरिद्वार

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में निकाली जा रही विशेष कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से घायल कांवड़िया अजय को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से पैदल यात्रा पर निकला था। बताया जा रहा है कि कांवड़ दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में जनजागरण यात्रा भी कर रहा था।

रविवार देर रात सभी कांवड़िए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप हाईवे किनारे विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पुल से नीचे पहुंचे कुछ युवकों में से एक ने कांवड़ियों पर फायरिंग कर दी।

फायरिंग में अजय के कंधे में गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर कब्जे में ले ली है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

गोलीकांड की इस घटना ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक यात्रा के दौरान हुई फायरिंग से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।