खबरें शेयर करें -

विश्व पर्यावरण दिवस पर शांतिपुरी-किच्छा खनन क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की सराहनीय पहल।

जिला खान अधिकारी मनीष परिहार के नेतृत्व में हुआ पौधरोपण, ग्रामीणों ने हरित भविष्य का लिया संकल्प।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो उधम सिंह नगर।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उधम सिंह नगर द्वारा शांतिपुरी-किच्छा खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिला खान अधिकारी मनीष परिहार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं दर्जनों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान खनन क्षेत्र के आसपास हरित आवरण बढ़ाने तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिला खान अधिकारी मनीष परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध करने का कार्य नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित वातावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का प्रभावी संदेश भी देने में सफल रहा।