खबरें शेयर करें -

लिव-इन का लफड़ा: नैनीताल घूमकर लौट रहे प्रेमी युगल में रामपुर रोड पर बवाल, प्रेमिका ने स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े, वाहन सीज।

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।

हल्द्वानी।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक प्रेमी जोड़े के बीच शुक्रवार रात रामपुर रोड पर उस समय हंगामा मच गया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आई प्रेमिका ने प्रेमी की स्कॉर्पियो गाड़ी पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में वाहन के चारों दरवाजों के शीशे और पिछला कांच चकनाचूर हो गए, जबकि प्रेमी पर भी पत्थर बरसाए गए।

जानकारी के मुताबिक, ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर निवासी यह प्रेमी जोड़ा करीब दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है। शुक्रवार दोपहर प्रेमी स्कॉर्पियो से प्रेमिका को नैनीताल घुमाने ले गया था। लौटते समय चलती गाड़ी में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। एसटीएच के पास प्रेमी ने वाहन रोक दिया। इसके बाद गाड़ी के भीतर जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान प्रेमिका ने गुस्से में स्कॉर्पियो पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों को काबू में लिया और प्रेमी युगल के साथ वाहन को कोतवाली ले आई। वहां दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया।

कोतवाली प्रभारी एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, कोतवाली में खड़े वाहन की तलाशी के दौरान भीतर से गिफ्ट पैकेट, विभिन्न प्रकार के चिप्स-नमकीन, शराब की बोतलें और थर्माकॉल के गिलास भी बरामद हुए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

उत्तराखंड