खबरें शेयर करें -

देश का सबसे कम उम्र का ‘एनवायरमेंट हीरो’ बना मजकोट का लाल!
दो वर्षों में लगाए 500 से अधिक पौधे, सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के बने प्रेरणास्रोत!
दर्पण न्यूज 24/7 | ब्यूरो चीफ उत्तराखंड प्रमोद बमेटा
कौसानी (बागेश्वर)।
जहां आज की पीढ़ी मोबाइल और वीडियो गेम्स में अधिक व्यस्त नजर आती है, वहीं ग्राम मजकोट, जिला बागेश्वर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 1 के छात्र गोलू पुरी ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक मिसाल कायम कर दी है। बेहद कम उम्र में ही गोलू पुरी देश के सबसे कम उम्र के ‘एनवायरमेंट हीरो’ बनकर उभरे हैं।
पिछले दो वर्षों से गोलू पुरी लगातार पौधरोपण अभियान चला रहे हैं। अब तक वे 500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। खास बात यह है कि गोलू केवल पौधे लगाकर ही नहीं रुकते, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी करते हैं और आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं।
सोशल मीडिया पर गोलू पुरी ‘एनवायरमेंट हीरो’ के नाम से खासे लोकप्रिय हो चुके हैं। उनके पर्यावरण प्रेम और प्रयासों को देखकर हजारों लोग उनसे प्रेरणा ले रहे हैं। उनके वीडियो और तस्वीरें देश-विदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे उत्तराखंड का नाम भी रोशन हो रहा है।
गोलू पुरी का कहना है कि “पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। अगर हम आज पेड़ नहीं लगाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।” इतनी छोटी उम्र में इतनी बड़ी सोच और समर्पण यह साबित करता है कि बदलाव की शुरुआत उम्र नहीं, सोच से होती है।
गोलू की यह पहल न सिर्फ बच्चों बल्कि बड़ों के लिए भी एक मजबूत संदेश है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी व्यक्ति समाज और पर्यावरण के लिए बड़ा बदलाव ला सकता है।