खबरें शेयर करें -

लालकुआँ में ‘दारू परोसने वालों’ पर पुलिस का प्रचंड प्रहार
होटल-ढाबों में छापे, रंगेहाथ पकड़े गए  शराब पिलाने वाले, 10 ढाबा संचालकों का चालान – मचा हड़कंप!
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआँ (नैनीताल)
लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र में होटल व ढाबों में खुलेआम शराब पिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार शाम ऐसा सख्त अभियान चलाया कि अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया। अचानक हुई छापेमारी से कई होटल संचालकों के चेहरे उड़ गए।
नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने पर पूर्ण रोक को सख्ती से लागू करने के लिए कोतवाली पुलिस ने पूरे क्षेत्र में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। बिंदुखत्ता स्थित कार रोड, वीआईपी गेट, ट्रांसपोर्ट नगर, हल्दूचौड़ समेत कई संवेदनशील इलाकों के होटल व ढाबों की तलाशी ली गई।
इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले 10 लोगों को मौके पर ही पकड़कर चालान किया गया और करीब ₹3000 का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस सख्ती से शराब परोसने वाले ढाबा संचालकों में अफरा-तफरी मच गई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे कोतवाल बृजमोहन राणा ने व्यापारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि होटल व ढाबों में शराब पिलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। अगर कोई भी संचालक इस गैरकानूनी काम में पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कांस्टेबल चन्द्रशेखर मल्होत्रा, आनंदपुरी, कमल बिष्ट समेत पुलिस टीम मौजूद रही।