नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा: बेकाबू बस पलटी, 10 यात्री घायल — ज्योलीकोट रोड पर मचा हड़कंप!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल
नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए। यह घटना भवाली से लगभग 5 किलोमीटर दूर ज्योलीकोट रोड स्थित भूमिधार मंदिर के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे ऐसे हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग सतर्कता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
