न्यू ईयर अलर्ट! कॉर्बेट टाइगर रिजर्व हाई सिक्योरिटी ज़ोन में तब्दील, ड्रोन–ई सर्विलांस से चौबीसों घंटे पहरा।
करन तिवारी
रामनगर।
दर्पण न्यूज 24/7
क्रिसमस, 31 दिसंबर और नववर्ष के जश्न को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पूरे पार्क क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। संभावित खतरों को भांपते हुए वन विभाग ने सभी वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त कर दिया गया है।
विशेष रूप से उत्तर प्रदेश से सटी कॉर्बेट की दक्षिणी सीमा पर ई-सर्विलांस सिस्टम, ड्रोन कैमरे और आधुनिक तकनीकों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। नए साल से पहले शिकारियों और वन्यजीव तस्करों की घुसपैठ की आशंका को देखते हुए पार्क के संवेदनशील इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि अभी तक किसी ठोस खुफिया इनपुट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन कॉर्बेट प्रशासन किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रहा। वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं।
हाथियों और डॉग स्क्वायड की मदद से जंगलों में चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग की जा रही है। जिन क्षेत्रों से अपराधियों के प्रवेश की आशंका रहती है, वहां एंबुश पेट्रोलिंग के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही नववर्ष पर आने वाले हजारों पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। कोशिश है कि पर्यटन गतिविधियां निर्बाध चलें और जंगल व वन्यजीवों को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि
“क्रिसमस, 31 दिसंबर और न्यू ईयर के दौरान पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ती है, जिससे अवैध गतिविधियों की आशंका भी रहती है। इसी कारण पूरे टाइगर रिजर्व में अलर्ट जारी किया गया है। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर स्टाफ को छुट्टी नहीं दी जाएगी।”
कॉर्बेट प्रशासन ने दो टूक कहा है कि नए साल के जश्न के दौरान जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
