खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में ज्वेलर्स पर सुनियोजित चोरी, निर्माणाधीन स्थल बना चोरों का सेफ रूट — CCTV खंगाल रही पुलिस, व्यापारी दहशत में।

दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो!

हल्द्वानी।

मुखानी थाना क्षेत्र एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात से दहल उठा है। कुसुमखेड़ा स्थित राधिका ज्वेलर्स में देर रात शातिर चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ धावा बोलते हुए सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों की चिंता भी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने दुकान के बगल में चल रहे निर्माणाधीन स्थल को अपना सुरक्षित रास्ता बनाया और पीछे की ओर से दुकान में दाखिल हुए। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ है कि चोरी से पहले पूरी रेकी की गई थी। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी तरह का शोर या हलचल नहीं हुई।
सुबह जब दुकान स्वामी ने शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मुखानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
निर्माणाधीन स्थल बने अपराधियों की ढाल
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों पर रात के समय कोई ठोस निगरानी नहीं होती, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। राधिका ज्वेलर्स की चोरी ने इस खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
व्यापारियों में डर, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापार मंडल ने पुलिस से जल्द खुलासे और इलाके में अतिरिक्त पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
48 घंटे अहम
पुलिस का दावा है कि अगले 24 से 48 घंटे जांच के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी का जल्द खुलासा कर पाती है या यह मामला भी अनसुलझी फाइलों में शामिल हो जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

उत्तराखंड