

सांसद की फटकार के बाद हाईवे पर उतरे एनएचएआई अधिकारी।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, कट, बैरिकेडिंग और फुट ओवरब्रिज बनाने पर बनी सहमति।
हल्दूचौड़। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के हल्द्वानी-लालकुआं-पंतनगर खंड पर लगातार हो रहे हादसों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट की सख्ती के बाद एनएचएआई अधिकारी बुधवार को मौके पर पहुंचे। प्रोजेक्ट डायरेक्टर अचल जिंदल ने तकनीकी टीम के साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दुर्घटना संभावित स्थानों और अव्यवस्थित कटों का जायजा लेते हुए कई सुरक्षा उपायों पर सहमति बनी।
बीते दिनों सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी स्थित अपने आवास पर एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर हाईवे की स्थिति पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों से बाहर निकलकर मौके पर स्थिति देखने और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएचएआई की टीम बुधवार को हल्दूचौड़ पहुंची।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती और सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जनप्रतिनिधियों ने हाईवे के विभिन्न दुर्घटना संभावित स्थानों, कटों और पैदल आवागमन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी।
हल्दूचौड़ चौराहे के कट को व्यवस्थित तरीके से खोलने पर सहमति बनी। वहीं एवरग्रीन स्कूल के सामने भी मानकों के अनुरूप कट बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। हाईवे के मीडियन कटों पर करीब छह से सात मीटर की बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाने पर भी सहमति बनी।
तीन स्थानों पर फुट ओवरब्रिज का प्रस्ताव
पैदल यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए तीन स्थानों पर फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इनमें ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी के सामने, हल्दूचौड़ मुख्य बाजार और बबुर गुमटी क्षेत्र शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने इन स्थानों पर पैदल आवाजाही अधिक होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी।
स्थानीय ग्रामीणों को सीधे मुख्य हाईवे पर आने से बचाने के लिए दोनों ओर करीब तीन-तीन फीट की सर्विस लाइन बनाने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा हाईवे पर घूमने वाले आवारा गौवंश को हटाने के लिए एनएचएआई के जेसीबी ऑपरेटर का मोबाइल नंबर प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक करने का निर्णय लिया गया, ताकि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एनएचएआई अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान तय किए गए बिंदुओं पर जल्द कार्रवाई शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि निरीक्षण के दौरान बनी सहमति कब तक धरातल पर उतरती है।
निरीक्षण में सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी, ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन अध्यक्ष राजेंद्र दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य चिंतामणि पांडे, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, ग्राम प्रधान इंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान जीवंती देवी, कॉपरेटिव समिति हल्दूचौड़ अध्यक्ष मोहन चंद्र दुर्गापाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंपा पांडेय, खीम सिंह बिष्ट, कार्तिक बामेठा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
