खबरें शेयर करें -

28 सितंबर को धूमधाम से मनेगा तोपखाना गौरव सेना संगठन का स्थापना दिवस।

रेनिंग डे समारोह में जुटेंगे पूर्व सैनिक, वीर नारियां और सैन्य अधिकारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा रात्रि भोज।

हल्द्वानी। तोपखाना गौरव सेना संगठन उत्तराखंड की ओर से संगठन का स्थापना दिवस 28 सितंबर 2026 को रेनिंग डे के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह का आयोजन शाम छह बजे से नरसिंह पैलेस बैंक्वेट हॉल, पीलीकोठी में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संभावित रूप से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।

संगठन के अध्यक्ष भुवन चंद्र भगत ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य लंबे समय से तैयारियों में जुटे हैं। अब तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

संगठन के महामंत्री एवं प्रवक्ता दीपू मेहरा ने बताया कि समारोह में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, तोपखाना रेजिमेंट के अधिकारी, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के शामिल होने की संभावना है।

समारोह में तोपखाना रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, सैन्य परंपराओं और संगठन की स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। समारोह में शामिल पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सैन्य अधिकारियों एवं अतिथियों के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार स्थापना दिवस समारोह पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के बीच आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सैन्य गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर भी बनेगा।

कार्यक्रम का संचालन संगठन के महामंत्री एवं प्रवक्ता दीपू मेहरा करेंगे। अंत में संगठन अध्यक्ष भुवन चंद्र भगत धन्यवाद ज्ञापित करेंगे और समारोह के समापन की घोषणा करेंगे।

 

उत्तराखंड