खबरें शेयर करें -

 पासपोर्ट बनवाने निकले दो सगे भाइयों को डंपर ने कुचला, मौके पर ही मौत।

दर्पण न्यूज 24*7

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। लक्सर–हरिद्वार मार्ग के जियापोता गांव के पास डंपर की चपेट में आने से दो सगे भाइयों साकिब (21) और वासिक (19) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई पासपोर्ट संबंधी कार्य के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी जिंदगी एक खौफनाक हादसे में थम गई।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार भाई अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आई एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक बेकाबू डंपर ने दोनों को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

मौके पर हड़कंप, परिवार में कोहराम

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि सड़क पर कई जगह अवैध पार्किंग और तेज रफ्तार वाहन लंबे समय से खतरा बने हुए हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से हादसे बढ़ते जा रहे हैं।
दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही कटारपुर गांव में मातम पसर गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे।

डंपर चालक फरार, पुलिस की दबिश

सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
थाना कनखल के एसएसआई सतेंद्र भंडारी ने बताया कि आरोपी डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया है। उसकी पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

स्थानीय लोगों का गुस्सा—सड़क पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों पर हो कड़ी कार्रवाई

घटना के बाद लोगों का गुस्सा भी सामने आया। ग्रामीणों ने कहा कि लक्सर–हरिद्वार मार्ग पर ओवरस्पीड, भारी वाहनों की लापरवाही और अवैध पार्किंग के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन अगर समय रहते कार्रवाई करे, तो ऐसी मौतों को रोका जा सकता है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड