मुख्य सचिव सख्त: 15 साल पुराने वाहन अनिवार्य रूप से स्क्रैप हों, रिफॉर्म्स में ढिलाई पर अफसरों को मिलेगी प्रतिकूल प्रविष्टि।
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागों को रिफॉर्म्स लागू करने की निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर सुधार लागू न करने वाले विभागाध्यक्षों को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी जाएगी।
15 साल पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग पर कड़ा एक्शन
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को अनिवार्य रूप से स्क्रैप कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने वाहनों से बढ़ते प्रदूषण और सड़क सुरक्षा खतरे को देखते हुए स्क्रैपिंग नीति में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक इनफोर्समेंट जैसी नई तकनीकों को तेजी से लागू करने को भी कहा।
भूमि सुधार और अन्य रिफॉर्म्स समयबद्ध तरीके से लागू हों
बैठक में मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को भूमि सुधार से जुड़े रिफॉर्म्स को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिलने वाली वित्तीय सहायता और ग्रांट्स का 100 प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
विशेष सहायता योजना (SASCI) का अधिकतम लाभ उठाने पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग अपने मंत्रालयों से निरंतर संपर्क बनाए रखें ताकि विशेष सहायता योजना के तहत उपलब्ध ग्रांट्स का पूरा उपयोग हो सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि वित्त एवं नियोजन विभाग के साथ समन्वय बढ़ाकर अधिक से अधिक नए प्रोजेक्ट तैयार किए जाएं।
दो दिनों में स्टेट शेयर जारी करने की व्यवस्था
मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के लिए लंबित स्टेट शेयर को अगले दो दिनों के भीतर जारी कर दिया जाए, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव दीपक कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय और डॉ. वी. षणमुगम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
