खबरें शेयर करें -

निर्णायक संघर्ष का ऐलान: हल्दूचौड़ में जनसमस्याओं पर एकजुट हुआ जनसैलाब, एक माह में समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन।
हल्दूचौड़।
क्षेत्र की वर्षों पुरानी और लगातार गंभीर होती जा रही जनसमस्याओं को लेकर हल्दूचौड़ स्थित मथुरा पैलेस में एक वृहद एवं निर्णायक सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, युवाओं तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग की अव्यवस्थाएं, आवारा गोवंश की समस्या और क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार पर गंभीर मंथन कर ठोस एवं स्थायी समाधान की दिशा तय करना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद से मुलाकात कर उनके आवास अथवा किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल पर एक संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कराई जाएगी। इस बैठक में नेशनल हाईवे प्राधिकरण, पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन, गौशाला संचालक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल पदाधिकारी और आम नागरिक संयुक्त रूप से शामिल होंगे।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि इस प्रस्तावित संयुक्त बैठक के माध्यम से एक माह की समय-सीमा तय कर तीनों प्रमुख समस्याओं का व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकाला जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
बैठक में यह भी दो टूक कहा गया कि यदि विधायक और सांसद से मुलाकात के बाद भी तय एक माह की अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं होता, तो क्षेत्रवासी मजबूरन एक बड़े जन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। आंदोलन को संगठित और प्रभावी बनाने के लिए “क्षेत्रीय जनसमस्या निवारण संघर्ष समिति, लालकुआं” के गठन का भी निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन इसमें किसान, व्यापारी, युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठन सहित समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण के तहत क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर उनकी मौजूदगी में एक बड़ी संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने बताया कि विधायक ने समस्याओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र बैठक कराने का आश्वासन दिया है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने अवैध नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नशे का जाल तेजी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। उन्होंने वर्षों से लंबित मामलों में चौकी व थाना स्तर पर प्रभावी कार्रवाई, नशा कारोबारियों की संपत्तियों की जांच तथा जमीनों के अवैध हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की।
देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे आवारा गोवंश के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने तत्काल प्रभाव से गोवंश को गौशालाओं में सुरक्षित रखने तथा गौशालाओं को पर्याप्त संसाधन व प्रशासनिक सहयोग देने की मांग की।
युवा नेता सचिन फुलारा ने छात्रों और युवाओं में बढ़ती नशे की लत को समाज के लिए गंभीर खतरा बताया और शिक्षा संस्थानों व अभिभावकों को भी इस जनअभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने खतरनाक और अवैज्ञानिक कटों को सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताते हुए सभी कटों का तकनीकी सर्वे कर उन्हें मानकों के अनुरूप सुधारने या बंद करने की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनहित और क्षेत्र के भविष्य की साझा लड़ाई है। सभी वर्गों ने एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन युवा समाजसेवी पीयूष जोशी ने किया। बैठक में ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, भाजपा नेता व पूर्व सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला दुर्गापाल व राजेंद्र दुर्गापाल, देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट, राज्य आंदोलनकारी शंकर जोशी, डॉ. बालम बिष्ट एडवोकेट, भास्कर भट्ट, ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, पूजा बिष्ट, रमेश जोशी, राधा, कैलाश भट्ट, कीर्ति दुमका, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

उत्तराखंड