खबरें शेयर करें -

❄️ नैनीताल में शीतकालीन पर्यटन को नई उड़ान ❄️
22 से 26 दिसंबर तक सजेगा भव्य “विंटर कार्निवाल–2025”
नैनीताल, 21 दिसंबर 2025।

दर्पण न्यूज 24/7
जनपद नैनीताल में शीतकालीन पर्यटन को प्रभावी रूप से बढ़ावा देने तथा स्थानीय संस्कृति, लोक कला, हस्तशिल्प और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से 22 दिसंबर से 26 दिसंबर 2025 तक “विंटर कार्निवाल–2025” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नैनीताल विवेक राय ने जानकारी देते हुए बताया कि विंटर कार्निवाल के दौरान नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सांस्कृतिक, पर्यटन एवं मनोरंजन से जुड़े अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्निवाल के अंतर्गत सांस्कृतिक झांकियां, लोकनृत्य एवं लोकगीतों की प्रस्तुतियां, बैंड शो, बोट रेस, दीप प्रज्वलन कार्यक्रम, फूड फेस्टिवल, टांकी बैंड, ऐपन प्रतियोगिता, विंटर लाइन, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, एस्ट्रो टूरिज्म, आर्टिफिशियल रॉक क्लाइंबिंग, नुक्कड़ नाटक तथा लाइट एंड साउंड शो जैसे कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों, स्थानीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। विंटर कार्निवाल–2025 से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने के साथ-साथ पर्यटन, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को भी विशेष बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासन ने आमजन और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे इस सांस्कृतिक महोत्सव में सहभागिता कर नैनीताल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाएं।

उत्तराखंड