खबरें शेयर करें -

घुसपैठियों पर सख्त धामी सरकार—“डेमोग्राफी को खतरा, बड़े स्तर पर शुरू हुआ अभियान”

दर्पण न्यूज 24*7

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि उत्तराखंड में घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और राज्य की डेमोग्राफी के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार घुसपैठियों की पहचान और कार्रवाई के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है। सीएम धामी दो दिवसीय नैनीताल दौरे के दूसरे दिन पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री बुधवार देर शाम अचानक नैनीताल पहुंचे थे। बताया गया कि उन्होंने मुख्य न्यायाधीश जी. नरेन्द्र से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। गुरुवार सुबह उन्होंने शहर में मॉर्निंग वॉक की, लोगों से संवाद किया और प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक माहौल पर विचार साझा किए। बिहार के चुनाव परिणामों को अप्रत्याशित बताते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जहां-जहां हुए, वहां जनता ने भाजपा या राजग के विकास मॉडल पर भरोसा जताया। इसके विपरीत विपक्ष तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति में उलझा रहा, लेकिन अब जनता इनकी राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है।

एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर अपनी सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि घुसपैठियों ने आधार, वोटर कार्ड समेत कई दस्तावेज तैयार कर लिए हैं, जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, और हर जिले में बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। पहचान होने के बाद इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अतिक्रमण और घुसपैठ के मामले में बेहद गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 10 हजार एकड़ भूमि अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई जा चुकी है, और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। धामी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सुरक्षा और जनसंख्या संतुलन से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड