खबरें शेयर करें -

रानीखेत महाविद्यालय में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया, विचार गोष्ठी में गूंजे लोकतंत्र और कर्तव्यों के स्वर।

संवाददाता दर्पण न्यूज 24*7

रानीखेत। स्वर्गीय श्री दत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में संविधान दिवस पर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः 9:30 बजे महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज के समक्ष सामूहिक रूप से वन्देमातरम् गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने वन्देमातरम् के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत महाविद्यालय सभागार में संविधान दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. पांडे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पिलखोली जिला पंचायत सदस्य श्री प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। मंच संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। विभागीय प्राध्यापक डॉ. धीरज सिंह खाती ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भारतीय संविधान की प्रासंगिकता पर विचार रखे। शोधार्थी कृति डालाकोटी और अमन बोरा ने संविधान निर्माण की यात्रा और उसके उद्देश्यों को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने भी मूल अधिकारों, कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक व्यवस्था जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए।

अंग्रेजी विभाग की डॉ. बरखा रौतेला ने शिक्षा के अधिकार की महत्ता पर चर्चा की। प्राचार्य प्रो. पांडे द्वारा सभी उपस्थित विद्यार्थी एवं प्राध्यापकों को संविधान की शपथ दिलाई गई।

विचार गोष्ठी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वक्ताओं—मानसी फुलोरिया, शगुन पंत और नैना परगाई—को प्रथम तीन स्थानों पर पुरस्कृत किया गया, जबकि सांत्वना पुरस्कार नेहा जोशी को मिला। पुरस्कार वितरण प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. किरन पंत और डॉ. स्तुति जोशी शामिल रहीं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूजा बोहरा ने संविधान में वर्णित अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के पालन पर जोर देते हुए सभी का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड