

नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, छह गिरफ्तार
बनभूलपुरा से 46 नशीले इंजेक्शन व भीमताल में 434 ग्राम चरस बरामद!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो हल्द्वानी/ भीमताल। जनपद नैनीताल में ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले इंजेक्शन एवं भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने 25 फरवरी को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रईश उर्फ बब्लू (35), निवासी गफूर बस्ती वार्ड-24 तथा समीर पाशा (25), निवासी जवाहर नगर वार्ड-15 को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 46 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में भीमताल पुलिस ने चॉफी रोड स्थित वन विभाग बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान अल्टो कार से 434 ग्राम अवैध चरस बरामद कर चार युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र सिंह नगरकोटी (27), बॉबी नगरकोटी (24), नीतीश नगरकोटी (30) तथा शिवांश रावत (23), सभी निवासी थाना मुखानी, शामिल हैं। वाहन को सीज करते हुए थाना भीमताल में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
