खबरें शेयर करें -

यूओयू की बड़ी उपलब्धि: राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा कदम, रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय से हुआ अहम करार!

शिक्षा, शोध और नवाचार को मिलेगी नई दिशा, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए खुलेंगे नए अवसर!

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। विश्वविद्यालय ने शनिवार को मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल के साथ शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते के तहत दोनों विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, नवाचार, छात्र एवं संकाय आदान-प्रदान, संयुक्त अकादमिक कार्यक्रमों और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में मिलकर कार्य करेंगे। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, अनुभव और संसाधनों के आदान-प्रदान का मजबूत मंच तैयार करेगी।

एमओयू पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नवीन चंद्र लोहनी तथा रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रवि प्रकाश दुबे की उपस्थिति में अधिकृत प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आरएनटीयू के कुलाधिपति प्रो. संतोष चौबे और कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी भी मौजूद रहे।

कुलपति डॉ. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह समझौता विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा शिक्षा और अनुसंधान की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

वहीं आरएनटीयू के कुलपति डॉ. रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि यह साझेदारी दोनों विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगी। कुलाधिपति प्रो. संतोष चौबे ने विश्वास जताया कि यह एमओयू ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में दीर्घकालिक एवं परिणामोन्मुखी सहयोग का मजबूत आधार बनेगा।

यह समझौता उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती शैक्षणिक पहचान और उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में विद्यार्थियों और शोधार्थियों को व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखंड