

राजधानी की कार्रवाई का लालकुआं में दिखा असर, ओवररेटिंग की खुली पोल!
चार शराब दुकानों की औचक जांच में एक पर पकड़ी गई ओवररेटिंग!
लालकुआं। राजधानी देहरादून में शराब दुकानों पर हुई औचक कार्रवाई का असर लालकुआं तक पहुंचा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एसडीएम रेखा कोहली के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने लालकुआं हल्दूचौड़ क्षेत्र की शराब दुकानों की औचक जांच की। दो देशी और दो विदेशी मदिरा दुकानों की जांच में एक देशी दुकान पर ओवररेटिंग पकड़ी गई।
जांच में प्रिंट रेट से पांच रुपये अधिक वसूले जाने की पुष्टि हुई। मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। अन्य तीन दुकानों में व्यवस्थाएं नियमानुसार मिलीं।
औचक जांच में ओवररेटिंग पकड़े जाने से आबकारी निगरानी पर सवाल भी उठे हैं। नियमित निरीक्षण के बावजूद यदि प्रिंट रेट से अधिक वसूली हो रही थी तो यह गड़बड़ी पहले क्यों नहीं पकड़ी गई? हालांकि एक मामले के आधार पर पूरे तंत्र पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा, लेकिन कार्रवाई ने नियमित निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल जरूर खड़ा किया है।
एसडीएम रेखा कोहली ने कहा कि ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
