खबरें शेयर करें -

दीपावली पर हल्द्वानी नगर निगम की खास पहल! बाजार में उतरे शुद्ध बताशे और पारंपरिक खिलौने, महापौर ने खुद खरीदारी कर दिया स्वदेशी का संदेश!

स्थानीय कारीगरों को मिलेगा बाजार, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम परिसर में खुले बिक्री स्टॉल!

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी।

दीपावली की रौनक के बीच हल्द्वानी नगर निगम ने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कारोबार को बढ़ावा देने की एक खास पहल शुरू की है। त्योहार पर बाजार में चाइनीज और मशीनों से बने उत्पादों की चमक के बीच अब लोगों को शुद्ध बताशे और पारंपरिक खिलौने खरीदने का विकल्प मिलेगा। नगर निगम कार्यालय परिसर में इन उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।

बुधवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने इन स्टॉलों का उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद महापौर खुद भी स्टॉल पर पहुंचे और बताशे व खिलौने खरीदकर इस पहल को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर देना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर शुद्ध बताशों और पारंपरिक खिलौनों की बिक्री से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल सकती है।

उन्होंने सनातनी समाज के लोगों से अपील की कि दीपावली पर नगर निगम परिसर में लगे स्टॉलों से खरीदारी कर इस पहल को सफल बनाएं। उनका कहना था कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी और पारंपरिक कारोबार को भी सहारा मिलेगा।

नगर निगम की यह पहल एक संदेश भी देती है कि त्योहारों की असली रौनक केवल सजावट और खरीदारी में नहीं, बल्कि स्थानीय हुनर, परंपरा और रोजगार को आगे बढ़ाने में भी है। अब देखना होगा कि नगर निगम की इस पहल को हल्द्वानी के लोग कितनी भागीदारी देते हैं।

इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, पार्षदगण और नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड