स्पोर्ट्स हॉस्टल अब बनेंगे स्पोर्ट्स स्कूल, 6 साल की उम्र से तैयार होंगे चैंपियन : रेखा आर्या
“एक जनपद एक खेल” और स्पोर्ट्स नर्सरी से खेल भूमि बनेगा उत्तराखंड, जुलाई से खेल विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू करने के निर्देश!
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून।
प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। रेखा आर्या ने स्पष्ट किया है कि स्पोर्ट्स स्कूल कल्चर को बढ़ावा देकर उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां छोटी उम्र से ही खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण मिल सके।
सोमवार को देहरादून स्थित यमुना कॉलोनी कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में खेल मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को स्पोर्ट्स हॉस्टल को आधुनिक स्पोर्ट्स स्कूल में बदलने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 14 स्पोर्ट्स हॉस्टल संचालित हैं, लेकिन समय की मांग को देखते हुए इन्हें स्पोर्ट्स स्कूल के रूप में विकसित करना आवश्यक है, जहां 6 वर्ष की उम्र से ही बच्चों को खेलों का व्यवस्थित प्रशिक्षण मिल सके।
निजी क्षेत्र और स्पोर्ट्स नर्सरी पर भी जोर
खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी क्षेत्र को भी स्पोर्ट्स स्कूल खोलने के लिए सरकारी सहयोग की योजना तैयार की जाए। साथ ही, प्रदेशभर में स्पोर्ट्स नर्सरी स्थापित करने का प्रस्ताव भी जल्द कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी उचित मंच मिल सके।
“एक जनपद एक खेल” से बनेगी नई पहचान
रेखा आर्या ने बताया कि “एक जनपद एक खेल” योजना के तहत हर जिले में वहां के लोकप्रिय खेल को विशेष पहचान दी जाएगी। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश की खेल पहचान भी मजबूत होगी।
फिट उत्तराखंड ऐप से मिल रही प्रतिभाएं
खेल मंत्री ने बताया कि फिट उत्तराखंड ऐप पर अब तक 1 लाख 22 हजार से अधिक एथलीट पंजीकरण कर चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों द्वारा अपलोड किए जा रहे वीडियो का विश्लेषण कर उन्हें ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी विशेषज्ञ प्रशिक्षण मिल सके।
स्कूल मैदानों का होगा बेहतर उपयोग
अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण और ओपन जिम के लिए स्कूल और कॉलेज के खेल मैदानों का उपयोग करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे युवाओं को बेहतर फिटनेस और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
जुलाई से शुरू होंगी खेल विश्वविद्यालय की कक्षाएं
खेल मंत्री ने हल्द्वानी में बन रहे खेल विश्वविद्यालय में इसी जुलाई से कक्षाएं शुरू करने की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का अग्रणी खेल प्रदेश बनाना है, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
— दर्पण न्यूज 24/7
