खबरें शेयर करें -

नीट-यूजी पेपर लीक पर देशभर में उबाल, सड़कों पर उतरे छात्र संगठन।
एनटीए दफ्तर के बाहर एबीवीपी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका।
सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार; कई राज्यों में छापेमारी।
दर्पण न्यूज 24/7 नई दिल्ली। नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) कार्यालय के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और एनटीए के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला भी फूंका और पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
दिल्ली के अलावा भोपाल, नागपुर, कोलकाता, रायपुर, पटना, लखनऊ, कानपुर, हैदराबाद, जयपुर और चंडीगढ़ समेत कई शहरों में छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन कर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बार-बार राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियां लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हैं।
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एनटीए कार्यालय की ओर बढ़ने और बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इधर, कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने भी कर्नाटक समेत कई राज्यों में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। बेंगलुरु, चिक्कबल्लापुर, हुबली, रायचूर और बागलकोट में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर परीक्षा रद्द करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है और सरकार इसे संभालने में विफल साबित हुई है।
सीबीआई एक्शन मोड में, पांच गिरफ्तार।
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने जयपुर से तीन, गुरुग्राम से एक और महाराष्ट्र के नासिक से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी और पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है, जहां विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है, वहीं छात्र संगठन परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।