खबरें शेयर करें -

“शिवरात्रि पर सद्भाव का संगम: बिंदुखत्ता में गूंजेगा मानव धर्म का दिव्य संदेश”
महाशिवरात्रि पर विराट सद्भावना सम्मेलन, सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज करेंगे दिव्य संबोधन!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लालकुआँ के समीपवर्ती श्री हंस प्रेम योग आश्रम, संजय नगर द्वितीय बिंदुखत्ता में 15 फरवरी को विराट सद्भावना सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस आध्यात्मिक महासमागम को अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संत, मानव धर्म के प्रणेता सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज संबोधित करेंगे। सम्मेलन को लेकर आश्रम परिसर में भक्तिभाव और सेवा-संकल्प के साथ तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं मानव उत्थान सेवा समिति के राष्ट्रीय संगठन सचिव महात्मा सत्यबोधानंद ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस विराट सद्भावना सम्मेलन में पूज्य अमृता माताजी सहित अनेक दिव्य विभूतियों का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, प्रेम, सद्भाव और आत्मिक जागरण का आध्यात्मिक उत्सव होगा।
महात्मा सत्यबोधानंद ने बताया कि सम्मेलन में देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों से सैकड़ों संत-महात्मा सहभाग करेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए कथा पंडाल, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भंडारा सहित कुल 63 विभागों का गठन किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।
सद्भावना सम्मेलन से पूर्व सद्गुरुदेव श्री सतपाल महाराज बिंदेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक करेंगे। इस पावन अवसर पर पारंपरिक परिधानों से सुसज्जित मातृशक्ति मंगल कलश यात्रा के साथ शोभायमान रहेंगी। कुमाऊं की लोक-संस्कृति के प्रतीक ढोल-दमाऊ और मसकबीन की गूंज के बीच सद्गुरुदेव महाराज एवं दिव्य विभूतियों का स्वागत-सत्कार किया जाएगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठेगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देश के अनेक प्रांतों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आश्रम परिसर में आने-जाने के लिए दो पृथक मार्ग बनाए गए हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन की सफलता के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग का भी समन्वय लिया जा रहा है।
महात्मा सत्यबोधानंद ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति देश की प्रमुख धार्मिक-सामाजिक संस्था है, जो अध्यात्म के माध्यम से मानव समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत है। यह सद्भावना सम्मेलन भी मानवता को जोड़ने, हृदयों को जोड़ने और शिवत्व के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने का माध्यम बनेगा।

उत्तराखंड