सांसद की फटकार का असर ऐसा कि अब दिन में भी जल रहीं हाईवे की स्ट्रीट लाइटें!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। दो दिन पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर क्षेत्रवासियों की शिकायत पर सांसद अजय भट्ट स्वयं हल्दूचौड़ से लालकुआं तक हाईवे का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को दूरभाष पर कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि शाम होते ही हर हाल में स्ट्रीट लाइटें जलनी चाहिए और इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद के कड़े निर्देशों का असर अब कुछ ऐसा दिखाई दे रहा है कि हाईवे की स्ट्रीट लाइटें रात छोड़िए, दिन में भी लगातार जलती नजर आ रही हैं। क्षेत्र में इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा और हास्य का माहौल बना हुआ है। लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि “लगता है विभाग ने इस बार ऐसा इंतजाम किया है कि कहीं लाइट बंद मिलने पर फिर फटकार न सुननी पड़े, इसलिए अब उन्हें बंद ही नहीं किया जा रहा।”
हालांकि यह स्थिति केवल हास्य का विषय नहीं बल्कि ऊर्जा संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है। एक तरफ सरकार बिजली बचाने और ऊर्जा संरक्षण के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर दिनदहाड़े जलती स्ट्रीट लाइटें विभागीय लापरवाही और संसाधनों के दुरुपयोग की तस्वीर पेश कर रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का समाधान जरूरी था, लेकिन अब जिम्मेदार विभाग को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि स्ट्रीट लाइटें आवश्यकता के अनुसार ही संचालित हों, ताकि बिजली की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके।
