खबरें शेयर करें -

दुग्ध संघ से जुड़कर दुग्ध व्यवसाय कर रहे किसानो को मिल रही लगातार मजबूती, गौलापार के उत्पादकों को मिला 22 लाख का बोनस।

छह दुग्ध समितियों से करीब 2.50 करोड़ रुपये की दूध खरीद, उत्पादकों को योजनाओं और सुविधाओं की दी जानकारी।

लालकुआं। दुग्ध संघ से जुड़कर गौलापार क्षेत्र के किसानों के दुग्ध व्यवसाय को लगातार मजबूती मिल रही है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के माध्यम से करीब 2.50 करोड़ रुपये के दूध की खरीद की गई। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों को 22 लाख रुपये की बोनस राशि के चेक वितरित किए गए।

बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध संघ की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत, लगन और निरंतर सहयोग से ही दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संघ स्तर पर लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि बोनस वितरण का उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों के परिश्रम को प्रोत्साहन देने के साथ ही दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। इसके लिए दुग्ध समितियों को अधिक सक्रिय, मजबूत और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों से अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादन करने और समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक उत्पादक का हित संघ की प्राथमिकता है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और दुग्ध व्यवसाय को नई मजबूती देने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन मार्ग प्रभारी पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, जगदीश चंद्र, मोहन चंद्र जोशी, दीपा देवी, नरेंद्र मेहरा, सुमित जोशी, नेहा डालाकोटी सहित दुग्ध समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं

उत्तराखंड