खबरें शेयर करें -

 

जलजनित रोग प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान तेज!

235 लोगों की स्क्रीनिंग, 150 HAV रैपिड टेस्ट; 197 का स्वास्थ्य परीक्षण, 30 के लिए ब्लड सैंपल!

नैनीताल। जलजनित रोगों की आशंका को देखते हुए ज्योलिकोट और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और बीमारी से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं।

शुक्रवार को सचल स्वास्थ्य वाहन के माध्यम से सूफी और गैठिया क्षेत्रों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत मार्तोलिया ने दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उन्हें स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा जलजनित रोगों से बचाव के उपाय बताए।

स्वास्थ्य टीमों ने भल्यूटी, गांजा, सरियाताल और ज्योलिकोट में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की। वहीं रॉयल होटल, सुखताल, पिटारिया, स्टाफ हाउस, 7 नंबर और अयारपाटा क्षेत्रों में 235 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 150 लोगों के HAV रैपिड टेस्ट किए गए।

स्वास्थ्य शिविरों और सचल वाहन के माध्यम से 197 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 30 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, जबकि एक व्यक्ति को टेलीमेडिसिन के जरिए चिकित्सकीय काउंसलिंग दी गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों की जांच की गई और पांच मरीजों को भर्ती किया गया।

14416 पर विशेषज्ञ चिकित्सक से लें परामर्श

सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर लोग 14416 हेल्पलाइन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे बात कर परामर्श और काउंसलिंग ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और जरूरत पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच व उपचार कराने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में टीमें लगातार निगरानी और स्क्रीनिंग कर रही हैं, ताकि संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

 

उत्तराखंड