खबरें शेयर करें -

खाई में समा गया वीरों का सफर: डोडा हादसे में 10 जवान शहीद, देश शोक में डूबा।
डोडा (जम्मू-कश्मीर)।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के 10 जवानों की शहादत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस वक्त हुआ, जब सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
घटना की जानकारी देते हुए भद्रवाह की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। एक जवान को मामूली चोटें आई हैं, जिसका इलाज भद्रवाह अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही जीएमसी डोडा से एम्बुलेंस और डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम भी मौके पर तैनात की गई।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा,
“डोडा में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हमारे 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से अत्यंत दुख हुआ है। हम अपने वीर सैनिकों की शानदार सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और घायल जवानों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख जताते हुए शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों की तत्परता की सराहना भी की।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में तैनात जवानों के कठिन और जोखिम भरे कर्तव्य की याद दिलाता है। पूरा देश अपने वीर सपूतों की शहादत पर नमन करता है और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।

उत्तराखंड