

होटल रूम से लाखों के गहनों की चोरी का खुलासा, महिला वकील निकली शातिर चोर।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, पुलिस ने 6.75 लाख के गहने व नकदी की बरामदगी की!
करन तिवारी संवाददाता दर्पण न्यूज 24/7 रामनगर।
ढेला क्षेत्र स्थित रेड रूफ इन होटल के कमरे से हुई लाखों रुपये के गहनों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से अधिवक्ता बताई जा रही है। आरोपी महिला के कब्जे से सोने-हीरे के गहने और नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को कोतवाली रामनगर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि रेड रूफ इन होटल के कमरा नंबर-109 से एक महिला के कान के कुंडल और मंगलसूत्र चोरी हो गए हैं। सूचना पर उप निरीक्षक राजकुमारी, महिला कांस्टेबल उमा व कांस्टेबल संजय सिंह मौके पर पहुंचे। इसी दौरान शिकायतकर्ता आशीष बेलवाल निवासी हल्द्वानी ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 34/26 धारा 305 (ए) न बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध महिला की गतिविधियां नजर आईं। पूछताछ के लिए महिला शुभांगी पांडे निवासी वसुधा कॉटेज, मेलरोज कंपाउंड, मल्लीताल नैनीताल को रोका गया।
शुरुआत में महिला ने घटना से अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से शिकायतकर्ता की पत्नी का सोने व हीरे का मंगलसूत्र, सोने-हीरे का एक कान का टॉप्स और 3520 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जिसमें से करीब 6 लाख 75 हजार रुपये का सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपी महिला द्वारा चोरी का माल छिपाने के तरीके को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
