खबरें शेयर करें -

“श्रमिकों के पसीने से ही गतिमान है विकास का पहिया” अमन सुयाल ।
दर्पण न्यूज ब्यूरो 24/7 लालकुआँ। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) के अवसर पर सेंचुरी मिल परिसर में श्रमिकों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेंचुरी मिल वर्कर्स यूनियन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के योगदान को सराहा गया और उनके सम्मान में अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष अमन सुयाल ने कहा कि देश की प्रगति और विकास का आधार श्रमिकों की मेहनत और समर्पण है। उन्होंने कहा कि “श्रमिकों के पसीने से ही विकास का पहिया गतिमान रहता है, इसलिए उनका सम्मान और अधिकारों की रक्षा हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
इस दौरान उन्होंने सभी कामगारों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों ने भी एकजुटता का संदेश देते हुए अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।

उत्तराखंड