66 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, “ऑपरेशन प्रहार” में नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने 221 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष), निवासी अल्मोड़ा (हाल निवासी हल्द्वानी) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
बरामदगी में शामिल:
221 ग्राम स्मैक (कीमत करीब ₹66.30 लाख)
₹14,520 नगद
इलेक्ट्रॉनिक तराजू व मोबाइल फोन
इस सराहनीय कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
दो और तस्कर भी चढ़े पुलिस के हत्थे
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया। राजपुरा क्षेत्र से गुलशन (28 वर्ष) को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया, जबकि वनभूलपुरा से मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मेराज अली के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
