खबरें शेयर करें -

“पेट्रोल लेकर SSP कार्यालय पहुंची महिला, विधायक पुत्र-पार्षद-पुलिस पर मकान कब्जाने का आरोप” !
रूद्रपुर।
देवर, विधायक पुत्र, पार्षद और पुलिस की कथित मिलीभगत से मकान पर कब्जे का आरोप लगाते हुए आवास विकास कॉलोनी निवासी एक महिला शनिवार को पेट्रोल की बोतल लेकर आत्महत्या की नीयत से एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला के पहुंचते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस और खुफिया कर्मियों ने महिला पुलिस की मदद से उसे काबू में लिया और एसपी सिटी के समक्ष पेश किया।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सीओ पंतनगर डीआर वर्मा और ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन पांडे के सामने महिला ने आपबीती सुनाई। महिला ने अपना नाम राजबाला जैन बताते हुए कहा कि उसका देवर और उसका परिवार करीब 28 वर्षों तक उसके साथ रहा। बाद में देवर ने जयनगर, दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार में मकान बना लिए। तीन साल पहले देवर परिवार सहित आनंद विहार कॉलोनी चला गया।
महिला का आरोप है कि अब देवर उसके आवास विकास स्थित मकान पर जबरन कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। महिला ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को आवास विकास चौकी पुलिस ने उसे चौकी बुलाया और इसी दौरान देवर ने आवास विकास के पार्षद और किच्छा विधायक के पुत्र की मदद से पुलिस की मिलीभगत से उसके मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया।
राजबाला जैन ने एसपी सिटी से मकान से कब्जा हटवाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्महत्या कर लेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने महिला से लिखित शिकायत देने को कहा और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है, वहीं यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

उत्तराखंड