चोरगलिया में आहूत हुई दुग्ध उत्पादकों की गोष्ठी—अप्रैल से पहले बढ़ेगा दूध का दाम, आँचल संघ ने दिया आश्वासन।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में चोरगलिया में दुग्ध उत्पादकों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, जबकि अध्यक्षता ज्येष्ठ जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख चिंतामणि चुफाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में करन गंगोला उपस्थित रहे।
गोष्ठी में दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं, दुग्ध मूल्य वृद्धि तथा संघ की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आश्वस्त किया कि सर्दी के मौसम की समाप्ति के बाद अप्रैल माह से पूर्व दूध के मूल्य में वृद्धि की जाएगी, जिसके लिए शीघ्र ही बोर्ड बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
संघ के अधिकारियों ने उत्पादकों को योजनाओं, विपणन व्यवस्था तथा गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। गोष्ठी में 300 से अधिक महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादकों ने प्रतिभाग किया। महिला दुग्ध उत्पादकों ने अपनी समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया गया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पशुओं की सर्पदंश या अन्य कारणों से मृत्यु होने पर संघ की ओर से मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही गुणवत्ता युक्त दुग्ध उत्पादन, समयबद्ध भुगतान तथा पारदर्शी व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने महिला दुग्ध उत्पादकों की भागीदारी को और मजबूत करने, पशु आहार, पशु स्वास्थ्य सेवाओं और विपणन व्यवस्था को बेहतरीन बनाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दुग्ध संग्रहण, पशु आहार, पशु स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए। कार्यक्रम का संचालन पूरन चंद्र मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल, गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एएच रमेश मेहता, विपिन तिवाड़ी, अवशीतन केंद्र प्रभारी शांति कोरंगा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, दुग्ध उत्पादक, सहकारी समिति पदाधिकारी एवं दुग्ध संघ कर्मचारी उपस्थित रहे।
