आखिर किस संकेत का संदेश है ये? हल्द्वानी में जन्मी दो मुंह, चार आंखों वाली रहस्यमयी बछिया, देखने उमड़ी भीड़!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। एक गाय ने ऐसी बछिया को जन्म दिया है, जिसे देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। बछिया के दो मुंह, चार आंखें और तीन कान हैं। इस दुर्लभ जन्म की खबर फैलते ही आसपास के लोग उसे देखने के लिए पहुंचने लगे और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती के घर बुधवार शाम करीब पांच बजे गाय ने इस अनोखी बछिया को जन्म दिया। पशुपालकों के मुताबिक प्रसव बेहद जटिल था और बछिया को सुरक्षित बाहर निकालना आसान नहीं था। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने काफी मशक्कत के बाद सफल प्रसव कराया।
जन्म के बाद बछिया की शारीरिक बनावट ने सभी को चौंका दिया। उसके दो मुंह और चार आंखें हैं, जबकि तीन कान दिखाई दे रहे हैं। दो सिर होने के कारण उसे गर्दन संभालने और शरीर का संतुलन बनाए रखने में दिक्कत हो रही है। इसके बावजूद राहत की बात यह है कि बछिया जीवित है और दूध भी पी रही है।
घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे प्रकृति का चमत्कार तो कुछ लोग रहस्य मानकर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने इसे वैज्ञानिक कारणों से जुड़ी दुर्लभ जन्मजात स्थिति बताया है।
वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. पाठक के अनुसार इस स्थिति को ‘पालीसिफेली’ (Polycephaly) कहा जाता है। यह तब होती है जब गर्भ में विकसित हो रहा भ्रूण पूरी तरह अलग-अलग हिस्सों में विभाजित नहीं हो पाता। ऐसे में शरीर एक ही रहता है लेकिन सिर दो विकसित हो जाते हैं। दुनिया भर में इस तरह के मामले बेहद कम सामने आते हैं और इन्हें चिकित्सा विज्ञान में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है।
फिलहाल यह अनोखी बछिया पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लोग दूर-दूर से उसे देखने पहुंच रहे हैं और एक ही सवाल पूछ रहे हैं—क्या यह सिर्फ प्रकृति का दुर्लभ संयोग है या फिर कोई ऐसा रहस्य, जिसे विज्ञान भी पूरी तरह नहीं समझ पाया है?
