हल्दूचौड़ सीएचसी में धूल फांक रहीं अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें, सांसद से हस्तक्षेप की मांग!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) हल्दूचौड़ में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में ठप पड़ी हुई हैं। करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित मशीनें उपयोग के अभाव में धूल फांक रही हैं, जबकि क्षेत्र की हजारों की आबादी मूलभूत जांच सुविधाओं से वंचित है।
इस गंभीर समस्या को लेकर आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़ के अध्यक्ष प्रमोद बमेटा और महामंत्री रिम्पी बिष्ट ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि सीएचसी में मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जांच के लिए निजी अस्पतालों अथवा दूर-दराज के चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
पत्र में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की परेशानियों का उल्लेख किया गया है। कहा गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है और उन्हें समय पर जांच सुविधा नहीं मिल पा रही है।
आदर्श प्रेस क्लब ने सांसद को अवगत कराया कि टनकपुर सीएचसी में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. ललित मोहन रखोलिया ने क्षेत्र की समस्या को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन हल्दूचौड़ सीएचसी में भी अपनी सेवाएं देने की सहमति जताई है। इसके लिए केवल सक्षम स्तर से प्रशासनिक आदेश जारी किए जाने की आवश्यकता है।
पत्र में सांसद से अनुरोध किया गया है कि वे चिकित्सा निदेशक कुमाऊं मंडल को आवश्यक निर्देश जारी कराने की पहल करें, ताकि डॉ. रखोलिया की सेवाएं सप्ताह में तीन दिन हल्दूचौड़ में उपलब्ध हो सकें और लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान हो सके।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों का कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के क्षेत्र के हजारों लोगों को अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद के हस्तक्षेप से क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत मिलेगी।
