बदहाल सड़कें, गड्ढों में विकास और श्रेय लेने की होड़।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं । क्षेत्र की जर्जर सड़कों, टूटे संपर्क मार्गों और बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर जनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। एक ओर प्रमुख मोटर मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि और सत्ता से जुड़े नुमाइंदे मामूली मरम्मत कार्यों और टल्ले लगवाने जैसे बुनियादी दायित्वों का भी श्रेय लेने में जुटे नजर आ रहे हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री विकास पुरुष हरीश चंद्र दुर्गापाल के पुत्र एवं लालकुआं विधानसभा सभा के प्रमुख समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन कार्यों को व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी होना चाहिए, आज उन्हीं को उपलब्धि बताकर वाहवाही लूटी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़कें बनाना और उनकी नियमित मरम्मत कराना कोई एहसान नहीं, बल्कि सरकार और विभागों का मूल दायित्व है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण और आंतरिक संपर्क मार्गों का विस्तार हुआ था, लेकिन वर्तमान समय में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि नई सड़कें बनना तो दूर, पुराने मार्गों में गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे। गुमटी-देवरामपुर मोटर मार्ग हो या हल्दूचौड़-गौला मार्ग, सभी प्रमुख सड़कें बदहाली की मार झेल रही हैं।
हेमवती नंदन दुर्गापाल ने तंज कसते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि सड़क पर दो ट्रॉली डामर डाल देने या कुछ गड्ढों में टल्ले लगवा देने को भी बड़े विकास कार्य की तरह प्रचारित किया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि क्षेत्र की जनता रोजाना जान जोखिम में डालकर इन सड़कों पर सफर करने को मजबूर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक तंगी से जूझ रही है और यही वजह है कि विकास कार्य ठप पड़े हैं। बड़े प्रोजेक्ट छोड़िए, सरकार आम जनता के आवागमन से जुड़े बुनियादी कार्यों को भी प्राथमिकता नहीं दे पा रही। उन्होंने कहा कि जनता अब प्रचार नहीं, धरातल पर स्थायी समाधान चाहती है।
दुर्गापाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने को मजबूर होगी।
