खबरें शेयर करें -

डीएम का अपराधियों पर सख्त वार! चार कुख्यात छह माह के लिए जिला बदर, लालकुआं-बिंदुखत्ता के तीन लोगों को गुंडा एक्ट से राहत।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त चार आरोपियों पर जिला बदर की कार्रवाई।

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी

जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। वहीं समीक्षा के बाद लालकुआं और बिंदुखत्ता समेत तीन व्यक्तियों के विरुद्ध चल रही गुंडा एक्ट की कार्रवाई समाप्त कर उन्हें राहत दी गई है।

जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने उत्तराखंड गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

जिला बदर किए गए आरोपियों में रोहित पांडे निवासी बेड़ाझाल (रामनगर), देव सिंह जाटव निवासी गाड़ी पड़ाव (मल्लीताल), गौरव मेहंदी रत्ता निवासी आवास विकास (हल्द्वानी) तथा हिमांशु पंत उर्फ पटाखा निवासी आवास विकास (हल्द्वानी) शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार रोहित पांडे के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। चुनाव के दौरान सार्वजनिक स्थान पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग जैसे गंभीर आरोप भी उसके खिलाफ दर्ज हैं।

देव सिंह जाटव पर चोरी, एनडीपीएस एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गौरव मेहंदी रत्ता के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हिमांशु पंत उर्फ पटाखा पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 14 मुकदमे दर्ज होने के चलते प्रशासन ने उन्हें भी छह माह के लिए जनपद की सीमा से बाहर रहने के आदेश दिए हैं।

इन तीन को मिली राहत।

जिला प्रशासन ने समीक्षा के बाद चंदन टाकुली निवासी तिवारी नगर, बिंदुखत्ता, विश्वनाथ निवासी बंगाली कॉलोनी, लालकुआं तथा जीवन कनवाल निवासी थाना काठगोदाम के विरुद्ध चल रही गुंडा एक्ट की कार्रवाई समाप्त कर दी है।

डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

उत्तराखंड