








“कांग्रेस पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती, भाजपा देशहित में दृढ़: मोदी”
असम की रैली में पीएम का हमला—विकास, सुरक्षा और महिला आरक्षण पर साधा निशाना!
ममता का पलटवार कोलकाता दी जा रही धमकी के सवाल रैलियों में उठाने से क्यों बच रहे हैं मोदी!
भाबनीपुर-सोरभोग/बेथुयाडहरी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा जिले में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर “पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाती” रही है। उन्होंने कहा कि चाहे 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक हो या 2025 का “ऑपरेशन सिंदूर”, कांग्रेस ने हमेशा देशहित से ऊपर राजनीति को रखा।
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जहां आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाए, वहीं कांग्रेस का रुख हमेशा संदिग्ध रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से किसी भी प्रकार का संबंध देश के लिए नुकसानदायक है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विकास पर भी कांग्रेस पर प्रहार
प्रधानमंत्री ने विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को “संकीर्ण सोच वाली पार्टी” बताते हुए कहा कि उसने हमेशा अल्पकालिक उपाय अपनाए ताकि भ्रष्टाचार में लिप्त रह सके। इसके विपरीत भाजपा दीर्घकालिक और समावेशी विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए दूरदर्शी नीतियां बना रही है।
सेना और किसानों का जिक्र
मोदी ने कांग्रेस पर वन रैंक, वन पेंशन लागू न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने पूर्व सैनिकों को न्याय दिलाया। उन्होंने बताया कि अब तक लाखों करोड़ रुपये सीधे पूर्व सैनिकों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 2013 में धान का एमएसपी 1300 रुपये था, जो अब बढ़कर 2370 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है और किसानों को सीधे खातों में भुगतान किया जा रहा है।
महिला आरक्षण और असम विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए 33% आरक्षण 2029 के आम चुनाव से लागू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” वाले राज्यों में महिलाओं को अधिक लाभ मिल रहा है।
असम में शांति और विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हुए शांति समझौतों और स्थिरता के कारण राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ममता का पलटवार: कोलकाता धमकी पर सवाल
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए पूछा कि पाकिस्तान द्वारा कोलकाता पर हमले की कथित धमकी का जिक्र उन्होंने अपनी रैलियों में क्यों नहीं किया।
उन्होंने कहा कि जब देश की सुरक्षा का सवाल हो, तो प्रधानमंत्री को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। ममता ने आरोप लगाया कि मोदी चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाते हैं, लेकिन संवेदनशील मुद्दों पर चुप रहते हैं।
सियासी पारा हाई
असम और पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच सुरक्षा, विकास और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जहां राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास को मुद्दा बना रही है, वहीं विपक्ष इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
