सांसद ने दिखाई संवेदनशीलता, एक्स-रे मशीन के लिए दिए ₹1 लाख — स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर उठे सवाल!
“कुछ कुर्सियां खामोश रहीं, कुछ दीवारें बोल उठीं,
एक शख्स चला तो सोई हुई जिम्मेदारियां भी डोल उठीं…”
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं।
कभी इमारत खड़ी थी, पर इलाज ठहरा हुआ था… कभी मशीन पहुंची, पर उम्मीद जमी हुई थी। शायद इंतजार किसी ऐसे कदम का था, जो सिर्फ फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखे। और जब बाकी जिम्मेदारियां खामोश रहीं, तब एक समाजसेवी ने फिर दस्तक दी—मरीजों की राहत के लिए, सिस्टम को जगाने के लिए।
जी हां हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे मशीन एक माह पूर्व पहुंच चुकी थी, लेकिन बजट के अभाव में वह सिर्फ एक शोपीस बनकर रह गई थी। मरीज उम्मीद लेकर आते, लेकिन सुविधा के अभाव में मायूस लौट जाते। इस गंभीर समस्या को देखते हुए समाजसेवी और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ भट्ट ने पहल करते हुए अजय भट्ट से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मशीन के इंस्टॉलेशन, रेडिएशन सुरक्षा और विद्युत कार्यों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
जनभावनाओं को समझते हुए सांसद अजय भट्ट ने सांसद निधि से एक लाख रुपये स्वीकृत कर दिए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। यह निर्णय क्षेत्र के मरीजों के लिए राहत की किरण बनकर सामने आया है।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब समाजसेवी गोविंद बल्लभ भट्ट ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर निर्णायक पहल की हो। इससे पूर्व भी अस्पताल की बिल्डिंग वर्षों तक लोकार्पण के इंतजार में “शोपीस” बनी खड़ी रही थी। तब भी भट्ट ने जनहित याचिका दायर कर अस्पताल का लोकार्पण कराए जाने में महती भूमिका निभाई थी। उस समय भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की खामोशी चर्चा का विषय बनी रही थी।
आज एक बार फिर संसाधन विहीन अस्पताल और मरीजों की समस्याओं को लेकर जब कई जिम्मेदार चेहरे मौन नजर आए, तब भट्ट की पहल ने यह साबित कर दिया कि बदलाव पद से नहीं, प्रतिबद्धता से आता है।
लालकुआं और आसपास के क्षेत्र में समाजसेवी भट्ट की इस पहल की सराहना हो रही है। लोग इसे जनसेवा का सच्चा उदाहरण बता रहे हैं, वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर सवाल भी उठने लगे हैं।
यह पहल सिर्फ एक मशीन लगाने की कहानी नहीं, बल्कि उस सोच की मिसाल है—जो कहती है,
*“अगर इरादे नेक हों, तो खामोश दीवारें भी रास्ता दे देती हैं,
और एक जागा हुआ इंसान, पूरे शहर को आईना दिखा देता है
