








“गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग तेज, धारी तहसील से भी गौसेवक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन”
दर्पण न्यूज 24/7 धारी (नैनीताल)
गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने और गौसम्मान को बढ़ावा देने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है। इसी कड़ी में देशभर की तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपे गए।
जनपद नैनीताल की धारी तहसील में भी “गौमाता राष्ट्रमाता एवं गौसम्मान अभियान” के तहत बड़ी संख्या में गौसेवकों और मातृशक्ति ने एकत्र होकर गौ सेवक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। खास बात यह रही कि यह अभियान पूरे देश में एक ही दिन, एक ही समय और एक ही तिथि पर संचालित किया गया।
धारी तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक धारी के विभिन्न गांवों से आए गौसेवक, ओखलकांडा क्षेत्र के खंस्यू और पतलोट के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग उठाई और गौसंरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने की अपील की।
आंदोलनकारियों ने बताया कि यह ज्ञापन देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी प्रेषित किया गया है, ताकि गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान “गौमाता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने गौसंरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
गौसम्मान को लेकर चल रहा यह राष्ट्रव्यापी अभियान अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है, जिससे आने वाले समय में इस मुद्दे पर और व्यापक चर्चा और पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
