शांतिपुरी में विकास की गूंज: कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का भव्य सम्मान, सड़क–पुल–मंदिर कार्यों पर जताया आभार।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
शांतिपुरी (उद्यम सिंह नगर)
क्षेत्र के संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर शनिवार को शांतिपुरी नंबर 3/4 में राज्य के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान श्रीमती बचुली देवी की पहल पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान ग्राम प्रधान बचुली देवी सहित वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों और आयोजन मंडल के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर और फूल मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए सभी ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ललित बिष्ट, समाजसेवी चंचल सिंह कोरंगा, प्रताप सिंह कोरंगा (मासाब), पूर्व बीडीसी टीका सिंह नेगी, तेज सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट एवं बीडीसी ईश्वर सिंह दानू के संयुक्त प्रयास से किया गया।
इस अवसर पर बीडीसी ईश्वर सिंह दानू ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंत्री सौरभ बहुगुणा का क्षेत्र के प्रति लगाव यहां के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ललित बिष्ट ने बताया कि शांतिपुरी नंबर 4 से मजार रेलवे क्रॉसिंग तक 2.70 करोड़ रुपये की लागत से बनी पक्की सड़क से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और विकास को नई दिशा मिली है।
बट वृक्ष मंदिर समिति सूर्यनगर के अध्यक्ष तारा सिंह दानू ने मंदिर में टिन शेड निर्माण हेतु 4 लाख रुपये की स्वीकृति पर मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे धार्मिक आयोजनों में सुविधा मिलेगी।
योग प्रशिक्षक दीपक देव ने बताया कि शांतिपुरी नंबर 4 से सूर्यनगर को जोड़ने के लिए गौला नदी पर प्रस्तावित लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मोटर पुल की स्वीकृति वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा कि यह पुल पूरे क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा।
शांतिपुरी नंबर 2 की ग्राम प्रधान कविता तिवारी और प्रताप सिंह कोरंगा (मासाब) ने गांव-गांव में बन रहे अंतर्ग्रामीण मार्गों के लिए मंत्री का आभार जताया। कविता तिवारी ने कहा कि संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन सुगम हुआ है।
समारोह में ग्राम प्रधान बचुली देवी, ग्राम प्रधान कविता तिवारी, पूर्व ग्राम प्रधान घनानंद तिवारी, पूर्व बीडीसी टीका सिंह नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान राहुल तिवारी, तारा सिंह दानू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
