“लमगड़ा में अफसर से मारपीट पर बिजली महकमे में उबाल, हल्द्वानी में जेई एसोसिएशन का जोरदार प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी”।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
हल्द्वानी। अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा गांव में विद्युत चेकिंग के दौरान उपखण्ड अधिकारी अजय भारद्वाज के साथ हुई मारपीट की घटना ने पूरे विद्युत विभाग को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर विभागीय कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी क्रम में उत्तराखंड पावर जूनियर इंजीनियर्स एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को हल्द्वानी स्थित मुख्य अभियंता, कुमाऊं क्षेत्र कार्यालय के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग आयोजित की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गेट मीटिंग के उपरांत प्रांतीय उपाध्यक्ष ई. दीपक पाठक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने फील्ड में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाते हुए प्रबंध निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में ई. संजय कुमार, ई. मनोज पाण्डे, ई. विद्याभूषण जोशी, ई. विनोद साह, ई. विनोद पाठक, ई. इंतजार अली, ई. रश्मी आर्या, ई. ज्योति पनेरू, ई. दीपक बिष्ट, ई. कुन्दन, ई. जगदीश पंत सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
