घने कोहरे में आरटीओ का ‘रोड सेफ्टी एक्शन’, हल्द्वानी संभाग में सघन चेकिंग से मचा हड़कंप।
100 वाहनों के चालान, 5 सीज, अनधिकृत बस पर कसा शिकंजा।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी।
बढ़ती ठंड और घने कोहरे के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा हल्द्वानी संभाग अरविंद पाण्डेय के निर्देशों पर शनिवार को नैनीताल जनपद में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत काठगोदाम शहरी क्षेत्र, कालाढूंगी, तीनपानी, हल्दूचौड़, लालकुआं एवं गौलापार में सघन चेकिंग कर नियमों को ताक पर रखकर चल रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों, सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही बसों व ट्रकों पर विशेष फोकस रखा गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक बस को सीज किया गया, जबकि कुल 100 वाहनों के चालान और 5 वाहनों को सीज किया गया।
गन्ना ढुलान करने वाले वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनमें रेफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए, जिससे कोहरे में दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सांगवान, अनुभा आर्य, अपराजिता पाण्डेय, पवन कुमार (परिवहन कर अधिकारी) मौजूद रहे। वहीं आरसी पंवार एवं गिरीश कांडपाल (परिवहन उपनिरीक्षक) भी कार्रवाई में शामिल रहे।
