खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी में शराब की दुकान बनी आग का गोला, करोड़ों का माल राख।

तिकोनिया में देर रात मची अफरा-तफरी, गैस सिलेंडर निकाल दमकल कर्मियों ने टाला बड़ा हादसा।

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी

हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब अंग्रेजी और देशी शराब की एक दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से उठती ऊंची लपटों ने पूरे इलाके को दहला दिया।

सड़क से गुजर रहे लोगों ने दुकान से आग की लपटें निकलती देख तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने के अभियान में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

इस दौरान सबसे बड़ी चुनौती दुकान के अंदर रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर था। दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित बड़े विस्फोट और जान-माल के भारी नुकसान को टाल दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में दुकान में रखा करोड़ों रुपये मूल्य का शराब का स्टॉक जलकर राख हो गया। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और कर्मियों की बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।

दर्पण न्यूज 24/7

सच्ची खबर, सबसे पहले