खबरें शेयर करें -

भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी ने जसवीर को घोषित किया कालाढूंगी विधानसभा से विधानसभा प्रत्याशी।

70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, लालकुआं से जीवन चंद्र उप्रेती का टिकट फाइनल।

कालाढूंगी। भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसी क्रम में पार्टी ने दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम भी फाइनल कर दिए हैं। कालाढूंगी विधानसभा सीट से समाजसेवी, आरटीआई कार्यकर्ता एवं पत्रकार जसवीर उत्तराखंडी को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। इससे पहले लालकुआं विधानसभा सीट से पूर्व अपर सचिव लोकायुक्त जीवन चंद्र उप्रेती के नाम की घोषणा की जा चुकी है।

पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में कालाढूंगी सीट के लिए जसवीर उत्तराखंडी के नाम पर सर्वसम्मति बनी। सोमवार दोपहर उनके नाम की घोषणा होते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।

प्रत्याशी घोषित होने के बाद जसवीर उत्तराखंडी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि दायित्वशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही को केंद्र में रखकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस से लोगों का मोहभंग हो रहा है और जनता वैकल्पिक राजनीति की ओर देख रही है।

उत्तराखंडी ने कहा कि कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक समस्याओं और जन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। स्थानीय जरूरतों और जनता से संवाद के आधार पर क्षेत्र का एजेंडा तैयार किया जाएगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से शीघ्र ही कालाढूंगी में एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से संवाद कर आगामी चुनाव की रणनीति को आगे बढ़ाया जाएगा।

दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित, 70 सीटों पर तैयारी

भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी की ओर से प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद अब प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के संकेत हैं। फिलहाल लालकुआं से जीवन चंद्र उप्रेती और कालाढूंगी से जसवीर उत्तराखंडी के नाम सामने आए हैं। अन्य सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर पार्टी की आगामी गतिविधियों पर नजर रहेगी।

उत्तराखंड